CM mohan Yadav Spain Visit मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों स्पेन दौरे पर हैं और इस यात्रा को प्रदेश की वैश्विक रणनीति का अहम पड़ाव माना जा रहा है। दौरे के तीसरे दिन उन्होंने बार्सिलोना में कैटलोनिया सरकार के विदेश मंत्री जैम डच गुइलोट से मुलाकात की। इस मुलाकात में शिक्षा, निवेश, पर्यटन, तकनीकी सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश को एक संभावनाओं से भरा राज्य बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब दुनिया को इस भूमि की ताकत से परिचित कराया जाए।
शिक्षा और अनुसंधान में
सहयोग की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने आईआईटी इंदौर और IISER भोपाल को बार्सिलोना के विश्वविद्यालयों से जोड़ने का प्रस्ताव रखते हुए अनुसंधान और नवाचार में आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय अनुसंधान केंद्र बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता जताई।
उद्योग और निवेश के लिए खुला न्योता
डॉ. यादव ने फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं बताते हुए कैटलोनिया की कंपनियों को मध्यप्रदेश में साझेदारी का आमंत्रण दिया। उन्होंने नई औद्योगिक नीति और मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को राज्य की ताकत बताया।
खेल, पर्यटन और संस्कृति में नया संवाद
मुख्यमंत्री ने एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन के साथ मिलकर युवाओं के लिए खेल और जीवन कौशल आधारित कार्यक्रम चलाने का सुझाव दिया। साँची, खजुराहो और भीमबेटका जैसे विरासत स्थलों को यूरोप में प्रमोट करने हेतु साझा टूरिज्म अभियान पर सहमति बनी।
स्मार्ट सिटी और तकनीकी
साझेदारी
डॉ. यादव ने शहरी विकास, स्मार्ट सिटी, ग्रीन बिल्डिंग्स और सार्वजनिक परिवहन में तकनीकी सहयोग का प्रस्ताव रखते हुए दोनों सरकारों के बीच एक संयुक्त कार्य समूह के गठन का सुझाव दिया, जो परियोजनाओं को ज़मीन पर उतारने में सक्रिय रहेगा।
वैश्विक मंच पर एमपी की
नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा मध्यप्रदेश को शिक्षा, निवेश, संस्कृति और तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने में मदद करेगी। प्रदेश अब अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है।