CM Mohan Yadav Announcement: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अगस्त आजादी का पर्व मनाने का महीना है। उन्होंने 9 अगस्त अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भोपाल में युवाओं और नागरिकों की भागीदारी से भव्य तिरंगा यात्रा निकालने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सांदीपनि विद्यालयों में खेल परिसरों के विकास को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और आजादी के महत्व को बनाए रखने की प्रेरणा देगी। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रोत्साहन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के पोषण, प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के उपयोग के साथ ओलंपिक, एशियाड और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए।
सांदीपनि विद्यालयों में विकसित होंगे खेल परिसर
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इन विद्यालयों के पास खेल परिसरों के निर्माण की संभावनाओं पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर से ही खिलाड़ी तैयार होते हैं, इसलिए संबंधित विभाग मिलकर खेल अधोसंरचना विकसित करें।
मल्लखंभ-जिम्नास्टिक अकादमी और आधुनिक सुविधाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही खेल परिसरों में हेलीपैड व्यवस्था, निर्माण कार्यों की निगरानी और खेल अधोसंरचना के रखरखाव के लिए बेहतर व्यवस्था तैयार करने को कहा।
हर जिले की खेल प्रतिभा के अनुसार बनेगी योजना
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन के आधार पर जिलों के खिलाड़ियों का विश्लेषण किया जाए। जिस क्षेत्र से जिस खेल की प्रतिभाएं अधिक निकल रही हैं, वहां उसी खेल से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने खेल विकास के लिए केंद्र सरकार और कॉरपोरेट संस्थानों से सहयोग लेने पर भी जोर दिया।