CM Rekha Gifts Students: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को आर.के. पुरम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मेधावी छात्राओं के सम्मान और निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को मजबूत करना समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने इस पहल को छात्राओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण कदम बताया।
छात्राओं को मिलेगी नई सुविधा
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल केवल आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि छात्राओं के सपनों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इससे छात्राएं सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। उनके अनुसार शिक्षा के रास्ते में आने वाली छोटी-छोटी बाधाओं को दूर करना सरकार की प्राथमिकता है।
सरकारी स्कूलों की छात्राओं को मिलेगा लाभ
रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार अब सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि हर साल करीब 1.30 लाख छात्राएं कक्षा 9 में प्रवेश लेती हैं और यह योजना उनके लिए काफी मददगार साबित होगी। गर्मी की छुट्टियों के बाद साइकिल वितरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह भी देखेंःClarifies CJI Surya Kant: युवाओं पर नहीं, फर्जी डिग्री वालों पर की थी टिप्पणी, CJI सूर्यकांत की सफाई
रोटरी क्लब और आयोजकों की सराहना
मुख्यमंत्री ने आर.के. पुरम के विधायक अनिल शर्मा और रोटरी क्लब दिल्ली इंपीरियल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी योजना लागू होने से पहले ही 500 से अधिक छात्राओं को साइकिल देना प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि समाज और संस्थाओं के सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस मौके पर रोटरी क्लब सहित सभी सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया गया।
बेटियों की शिक्षा पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार बेटियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बेटी संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से समझौता न करे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।