CM Yogi Kanwar:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को लेकर चल रहे नकारात्मक प्रचार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर कांवड़ यात्रियों की छवि को बिगाड़ने में लगे हैं और उन्हें आतंकवादी व दंगाई की तरह दिखाया जा रहा है। सीएम योगी ने इसे देश की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को तोड़ने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि यह सोच उन लोगों की है जो भारत की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान नहीं करते और बार-बार समाज में ज़हर घोलने की कोशिश करते हैं।
कांवड़ यात्रा: आस्था और एकता की मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता का प्रतीक है। यह यात्रा गरीब हो या अमीर, हर किसी को जोड़ती है। कोई जाति, धर्म या वर्ग का भेदभाव नहीं होता। हर-हर बम-बम के जयघोष के साथ श्रद्धालु 300-400 किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं, और आस्था से ओतप्रोत होकर जल चढ़ाने पहुंचते हैं। योगी ने कहा कि यह यात्रा हमारी भारतीय परंपराओं की जीवंत मिसाल है।
यह भी पढ़ेंःRudrapur Crime News: नशे में खोया होश, बेटे के हाथों हुई पिता की दर्दनाक मौत
फर्जी अकाउंट से फैलाया जा रहा जहर
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर कुछ लोग जातिगत तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ साल पहले आगजनी की एक घटना को भगवाधारी लोगों पर थोपने की कोशिश की गई थी, लेकिन जांच में पता चला कि आगजनी करने वाला 'या अल्लाह' कह रहा था। उन्होंने कहा कि जो लोग आदिवासी समाज को भारत से अलग दिखाने की साजिश करते रहे हैं, वही लोग अब कांवड़ियों को बदनाम कर रहे हैं।