उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार 27 नवंबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा के दौरे पर आ रहे हैं। वे नोएडा के मेदांता अस्पताल का उद्घाटन करेंगे और जेवर में एयरपोर्ट का निरीक्षण के उनके कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था के चलते ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कई मुख्य रास्तों पर वाहनों का आवागमन रोकने या डायवर्जन करने की तैयारी कर ली है।
रास्ते कुछ देर के लिए बंद या डायवर्ट हो सकते हैं
इस दौरान चिल्ला रेगुलेटर और डीएनडी से लेकर फिल्म सिटी, महामाया फ्लाईओवर, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का जीरो पॉइंट, सोरखा सेक्टर-113 से सेक्टर-79 और सेक्टर-78 तक का पूरा रूट, पर्थला गोलचक्कर से सेक्टर-71 अंडरपास, बरौला हनुमान मंदिर यू-टर्न, सेक्टर-60 अंडरपास और नोएडा एलिवेटेड रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। यानी दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले और ग्रेटर नोएडा जाने वाले ज्यादातर मुख्य रास्ते इस दौरान कुछ देर के लिए बंद या डायवर्ट हो सकते हैं।
आपातकालीन गाड़ियों को हर हाल में तुरंत रास्ता दिया जाएगा
ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि अगर आपको कल दोपहर में इन इलाकों से गुजरना है तो सुबह जल्दी निकल लें या शाम 4 बजे के बाद जाएं। वैकल्पिक रास्तों जैसे सेक्टर-62, सेक्टर-63, डीएससी रोड, गौड़ सिटी रोड या लोकल सेक्टरों के अंदरूनी रास्तों का इस्तेमाल करें।हालांकि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन गाड़ियों को हर हाल में तुरंत रास्ता दिया जाएगा।
ट्रैफिक और पुलिस बैरिकेडिंग रहेगी
CM योगी का दौरा विकास परियोजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण और जनसभाओं के लिए है, इसलिए सेंट्रल नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक भारी ट्रैफिक और पुलिस बैरिकेडिंग रहेगी। बाहर से आने-जाने वाले लोग पहले से प्लान कर लें, वरना घंटों जाम में फंस सकते हैं।