उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ग्रेटर नोएडा वेस्ट के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सेक्टर-10 में स्थित एक निजी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम प्रशासन और स्थानीय लोगों के लिए अहम माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे, जिसके लिए अस्पताल के पास विशेष रूप से हेलिपैड तैयार किया गया है। उनके आगमन को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दोपहर बाद कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 2:30 बजे ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। इसके बाद वह सेक्टर-10 स्थित अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री लगभग 40 से 50 मिनट तक अस्पताल परिसर में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम पूरा करने के बाद करीब 3:20 बजे वह यहां से प्रस्थान करेंगे। इस दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे।
यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-10 क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित होने के कारण वीआईपी मूवमेंट के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जा सकता है या डायवर्ट किया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से इन मार्गों से गुजरने से बचें और यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें : ईरानी हमलों के बीच UAE ने दागी तीन बैलिस्टिक मिसाइलें, 121 ड्रोन मार गिराए
इन प्रमुख स्थानों पर रह सकता है डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान 130 मीटर रोड और उससे जुड़े प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिन स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है उनमें तिलपता गोलचक्कर, स्वर्गीय राजेश पायलट गोलचक्कर, गलैक्सी गोलचक्कर, एकमूर्ति गोलचक्कर, इटहेड़ा गोलचक्कर, किसान चौक, पर्थला गोलचक्कर, सेक्टर-71, सेक्टर-60, सेक्टर-62 और औद्योगिक क्षेत्र बादलपुर स्थित पुलिस चौकी के आसपास के मार्ग शामिल हैं। इन स्थानों पर वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए यातायात रोका जा सकता है।
आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को प्राथमिकता के साथ सुरक्षित रूप से निकाला जाएगा। यदि किसी वाहन चालक को यातायात से संबंधित किसी प्रकार की समस्या होती है तो वह यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकता है।
पार्किंग के लिए बनाई गई विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग सेक्टर-10 ग्रेटर नोएडा वेस्ट में केडीएसजी अस्पताल के सामने स्थित खाली मैदान में कराई जाएगी। वहीं पुलिस और अन्य विभागों के वाहनों को वैदपुरा स्थित ओक्टोव स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा।
इसके अलावा अस्पताल के कर्मचारियों और सामान्य आगंतुकों के लिए रिनॉक्स ग्रुप की निर्माणाधीन सोसायटी के सामने खाली प्लॉट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यदि यहां पार्किंग भर जाती है तो वैकल्पिक पार्किंग के रूप में पीज इन पॉड स्कूल के पास स्थित खाली स्थान, कोको काउंटी सोसायटी और सिक्का सोसायटी के आसपास के क्षेत्रों में भी वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।