लखनऊ| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेवडी संस्कृति को खत्म कर देश को पॉलिसी पैरालिसिस से बाहर निकाला। 2014 के पहले भारत आकंठ भ्रष्टाचार में डूबा हुआ था। योजनाएं भ्रष्टाचार के कारण दम तोड़ देती थीं पर अब भारत दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में बदल चुका है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को यहां लोकभवन में मीडिया से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं। पीएम मोदी के नेतृत्व के कारण ही यूपी की पहचान बदली और प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने लगा। उन्होंने कहा कि 12 साल में जनता ने महसूस किया कि सरकार का काम सिर्फ योजनाओं का निर्माण नहीं होता है बल्कि उनका कार्यान्वयन भी बेहद जरूरी है। पीएम मोदी पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने ये कहने का साहस किया कि देश में सिर्फ चार जातियां हैं जो कि गरीब, महिला, युवा और किसान है।
गुलामी की मानसिकता को खत्म किया
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आजादी के बाद पहली बार गुलामी की मानसिकता को समाप्त करने का प्रयास किया और प्रधानमंत्री आवास का नाम बदलकर सेवातीर्थ किया और राजभवन का नाम जनभवन किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लोगों की आस्था को सम्मान देने का काम किया है। पीएम मोदी राम मंदिर के शिलान्यास, लोकार्पण और ध्वजारोहण समारोह में शामिल हुए। ऐसा करके देश की आस्था को सम्मानित किया। वहीं, आजादी के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री सोमनाथ मंदिर के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए और जब राष्ट्रपति ने शामिल होने की कोशिश की तो उन्हें रोकने का प्रयास किया।
युवाओं को स्व रोजगार के लिए किया प्रेरित
योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया और मुद्रा योजना का शुभारंभ किया। विश्वकर्मा योजना सहित तमाम योजनाओं के माध्यम से सशक्त करने का प्रयास किया गया।
मोदी सरकार ने किसानों को अपने एजेंडे में रखा और कई योजनाओं का शुभारंभ किया। प्रदेश के तीन करोड़ किसान किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। यूपी में अकेले गन्ना किसानों को तीन लाख 22 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। किसानों को उनकी फसल का दाम मिल रहा है।
महिलाओं को किया गया आगे
सीएम योगी ने प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे आने का मौका दिया गया।
उनकी सुरक्षा और सम्मान को पहले स्थान पर रखा गया। इसके लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कार्य किया गया। सिर्फ इतना ही नहीं देश की महिलाएं कानून निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं इसके लिए नारी शक्ति वंदन कानून लाया गया।
अब देश की महिलाएं देश के विकास के लिए कानून का निर्माण भी कर सकेंगी।पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। जनता को जन धन योजना, उज्जवला योजना और आयुष्मान योजना का लाभ मिला। करोड़ों लोगों को सरकारी आवास मिला। मोदी के नेतृत्व के कारण ही देश को आत्मविश्वास का एहसास हुआ। यही कारण है कि देश की सेनाएं अब दुश्मनों के घर में घुसकर वार कर रही हैं। दुनिया भारत की धमक को महसूस कर रही है।
पीएम मोदी ने कई बार दिया अपनी नेतृत्वक्षमता का प्रमाण
सीएम योगी ने कहा कि ये पीएम मोदी की नेतृत्वक्षमता का ही प्रभाव है कि जब भी उन्होंने देश से आह्वान किया पूरा देश एक साथ खड़ा हुआ। कोरोना की त्रासदी में पीएम मोदी के आह्वान पर एक साथ खड़ा हुआ। इसी तरह जब आजादी का अमृत महोत्सव शुरू हुआ तब भी पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा हो गया।