उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर के साथ घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। उत्तर प्रदेश और बिहार में कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से ठंड के साथ-साथ घना कोहरा देखने को मिला, जिसके चलते दृश्यता काफी कम रही। मौसम विज्ञान विभाग लगातार ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर रहा था, हालांकि 23 दिसंबर से मौसम में कुछ बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार से मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान साफ रहने और हल्की धूप निकलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस दौरान 10 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी का कहना है कि 23 दिसंबर से 26 दिसंबर तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। हालांकि 27 और 28 दिसंबर को अधिकतम तापमान घटकर 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यूपी में एक्स्ट्रीम कोल्ड डे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के साथ एक्स्ट्रीम कोल्ड डे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह सकती है। प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर में आज ठंड का प्रकोप ज्यादा रहने का अनुमान है। इन जिलों में घने कोहरे और अत्यधिक ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
50 मीटर तक रह सकती है दृश्यता
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अयोध्या, प्रयागराज, फतेहगढ़, लखनऊ, फुर्सतगंज, बांदा, कुशीनगर, आजमगढ़, चुर्क, वाराणसी, कानपुर, कन्नौज और बहराइच में घना कोहरा छा सकता है। इसकी वजह से दृश्यता 50 मीटर तक सीमित रहने की आशंका है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी गई है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में शीतलहर का असर
बिहार की राजधानी पटना समेत अधिकांश जिलों में तेज पछुआ हवाओं के कारण शीतलहर चलने के आसार हैं। गया, अरवल, नालंदा और जहानाबाद जिलों के कुछ हिस्सों में आज अत्यधिक शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इसके अलावा सीतामढ़ी और शिवहर में घने कोहरे के छाने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।