दिल्ली-NCR ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने अपना सितम दिखाना शुरू कर दिया है 28 दिसंबर की आधी रात के बाद से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई इलाकों में हालात इतने खराब हैं कि विजिबिलिटी घटकर पांच मीटर से भी नीचे पहुंच गई है। सड़कों पर अंधेरे जैसा माहौल बन गया है और ट्रैफिक की रफ्तार लगभग थम सी गई है। वाहन चालक पार्किंग और फॉग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से गाड़ियां चलाते नजर आए। कोहरे के चलते नोएडा और गाजियाबाद प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। इन दोनों जिलों में 1 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
दिल्ली में AQI बेहद खराब
घने कोहरे के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है। आनंद विहार और राजघाट जैसे क्षेत्रों में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। खराब हवा और कोहरे की दोहरी मार के चलते लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।
उड़ान और रेल सेवाएं प्रभावित
कोहरे का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ नजर आ रहा है। कई ट्रेनों और फ्लाइट्स में देरी या रद्द होने की स्थिति बन गई है। दिल्ली आने वाली कई उड़ानों को जयपुर डायवर्ट किया गया है। वहीं गोवा से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट को अहमदाबाद भेजा गया। जयपुर एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव के कारण अब कुछ फ्लाइट्स को अहमदाबाद की ओर मोड़ा जा रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट की एडवाइजरी
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में लिखा है, "घने कोहरे के कारण फिलहाल CAT III स्थितियों में फ्लाइट ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे देरी और फ्लाइट कैंसिल हो सकती हैं। हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से मदद कर रही हैं। किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है।"