अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आंख दिखाने वाले कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो के तेवर जल्द ही नरम पड़ गए। कोलंबियाई राष्ट्रपति ने ट्रंप से फोन पर बातचीत की और इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने पेट्रो को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया। डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा, कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो से बात करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात थी, जिन्होंने ड्रग्स और हमारे बीच हुए दूसरे मतभेदों की स्थिति के बारे में बताने के लिए फोन किया। मैंने उनके फोन और टोन की तारीफ की, और जल्द ही उनसे मिलने का इंतजार कर रहा हूं।
मादुरो की गिरफ्तारी के बाद आया था बयान
बता दें कि यहां ट्रंप जिस टोन की बात कर रहे हैं, वह वही है जिसमें कोलंबियाई राष्ट्रपति ने अमेरिकी प्रेसिडेंट को ललकारते हुए कहा था, आओ और मुझे पकड़ो। मैं यहीं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं। पेट्रो का ये बयान, वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी सेना की कार्रवाई और मादुरो की गिरफ्तारी के बाद आया था।
संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की मांग की थी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, विदेश सचिव मार्को रुबियो और कोलंबिया के विदेश मंत्री के बीच इंतजाम किए जा रहे हैं। मीटिंग वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस में होगी। वेनेजुएला में धमाकों की आवाज सुने जाने के बाद सबसे पहले कोलंबियाई राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया सामने आई थी। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की मांग की थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने लिखा था, अभी वे काराकास पर बमबारी कर रहे हैं। पूरी दुनिया अलर्ट हो जाए, उन्होंने वेनेजुएला पर हमला किया है। वे मिसाइलों से बमबारी कर रहे हैं। ओएएस और यूएन को तुरंत मिलना चाहिए।