Commonwealth Kabaddi Championship 2026 : कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 56-27 से करारी शिकस्त दी। भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाए रखी और विरोधी टीम को वापसी का मौका नहीं दिया। अब खिताब के लिए भारत का सामना 31 अक्टूबर को श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
नवीन और नीरज ने रेडिंग में दिखाया दम
बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने रेडिंग की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, दीपक एस और शुभम शिंदे ने डिफेंस में मोर्चा संभाला। बांग्लादेश की ओर से दिपायोन गोल्डर ने सफल रेड के साथ टीम का खाता खोला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने जल्द ही मैच का रुख बदल दिया। शुरुआती पांच मिनट के भीतर भारत ने पहला ऑल आउट कर बांग्लादेश पर दबाव बना दिया।
पहले हाफ में 28-8 की बड़ी बढ़त
शुरुआती बढ़त के बाद भरत हुड्डा और शिवम पटारे ने भी रेडिंग में कमाल दिखाया। भारतीय डिफेंस ने बांग्लादेश के खिलाड़ियों को लगातार रोके रखा। पहले हाफ में आठ मिनट शेष रहते भारत ने दूसरा ऑल आउट किया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम 28-8 से आगे थी। बांग्लादेश के खिलाड़ी भारतीय रक्षा पंक्ति को भेदने में नाकाम रहे। पहले हाफ में बांग्लादेश को एक भी टैकल अंक नहीं मिला।
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम
ब्रेक के बाद भी भारतीय टीम की रफ्तार कम नहीं हुई। रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर भारत ने मुकाबले में 10 मिनट बाकी रहते 38-16 की बढ़त बना ली। भरत हुड्डा लगातार अंक जुटाते रहे। मैच खत्म होने से चार मिनट पहले भारत ने एक और ऑल आउट किया और स्कोर 49-20 पहुंचा दिया। आखिरकार भारत ने 56-27 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम ने 37 रेड अंक, 12 टैकल अंक और ऑल आउट से 6 अंक हासिल किए।
भरत हुड्डा ने बनाए सबसे ज्यादा 13 अंक
भारतीय जीत में भरत हुड्डा सबसे बड़े सितारे रहे। उन्होंने कुल 13 अंक हासिल किए। शिवम पटारे ने 11 और नीरज नरवाल ने 9 अंक जुटाए। डिफेंस में अजीत पवार ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आठ टैकल प्रयासों में पांच टैकल अंक हासिल किए। भारतीय खिलाड़ियों ने रेडिंग और डिफेंस दोनों में बांग्लादेश को पीछे छोड़ दिया। यही वजह रही कि मुकाबला पूरी तरह भारत के नियंत्रण में रहा।
इसे भी पढ़ें : यूपी की वोटर लिस्ट से 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम गायब? SIR पर सीएम योगी ने उठाए सवाल, BJP को दिए ये निर्देश
फाइनल में श्रीलंका से होगी खिताबी टक्कर
दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने केन्या को 28-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका की ओर से मिलिंदा चतुरंगा और साबिहान ने छह-छह अंक हासिल किए, जबकि विदुरंगा ने चार अंक जोड़े। डिफेंस में माडे द्विकी संजया ने पांच टैकल अंक लेकर अहम भूमिका निभाई। केन्या की ओर से हेल्विक वंजाला ने सबसे ज्यादा नौ अंक बनाए। अब भारतीय टीम की नजरें श्रीलंका को हराकर चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर होंगी।