अगर आपने अभी तक अपने आधार कार्ड की डिटेल्स अपडेट नहीं कराई हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद अहम है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड की फ्री अपडेट सर्विस की आखिरी तारीख 14 जून 2025 तय की है. यानी अब आपके पास मुफ्त अपडेट करवाने के लिए सिर्फ 9 दिन का वक्त बचा है. इसके बाद आपको हर अपडेट के लिए शुल्क चुकाना होगा.
6 महीने के लिए बढ़ाई गई थी डेडलाइन
UIDAI ने 10 साल या उससे ज्यादा पहले बनाए गए आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए यह सुविधा दी थी. पहले इसकी डेडलाइन 14 दिसंबर 2024 थी. इसको 14 जून 2025 कर दिया गया. अब यह आखिरी मौका माना जा रहा है और आगे डेडलाइन बढ़ने की संभावना बेहद कम है.
डेडलाइन के बाद देना होगा शुल्क
14 जून 2025 के बाद आधार में बदलाव के लिए आपको UIDAI द्वारा निर्धारित 50रूपए शुल्क देना होगा. फ्री अपडेट सुविधा केवल 'myAadhaar पोर्टल' पर ही उपलब्ध है. हालांकि कुछ अपडेट जैसे कि बायोमेट्रिक डेटा (फिंगरप्रिंट, आइरिस) आदि के लिए आपको आधार सेवा केंद्र जाना जरूरी होगा.
क्यों जरूरी है आधार अपडेट कराना?
आधार आपकी बायोमेट्रिक पहचान से जुड़ा होता है, जिससे नकली और डुप्लिकेट पहचान को रोका जा सकता है. अगर आपके आधार में गलत जानकारी है या आपने 10 सालों से अपडेट नहीं कराया है, तो आप कई सरकारी योजनाओं से वंचित हो सकते हैं. फर्जी या पुराने डेटा से सरकारी सब्सिडी और सेवाओं में रुकावट आ सकती है.
फ्री में आधार अपडेट कैसे करें?
आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके फ्री में अपने आधार डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं:
UIDAI की वेबसाइट पर जाएं.
‘My Aadhaar’ सेक्शन में जाएं और ‘अपना आधार अपडेट करें’ चुनें.
‘Update Aadhaar Details’ पेज पर ‘Document Update’ पर क्लिक करें.
आधार नंबर और कैप्चा दर्ज करें, फिर ‘OTP भेजें’ पर क्लिक करें.
मोबाइल नंबर पर भेजा गया OTP दर्ज करें.
जिसे अपडेट करना है (नाम, पता, जन्म तिथि आदि) उसे चुनें.
जानकारी दर्ज करें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें.
सबमिट करते ही SMS के जरिए URN नंबर प्राप्त होगा.
वहीं UIDAI ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वो इस अंतिम समयसीमा से पहले अपना आधार अपडेट करवा लें. इससे आपकी पहचान और सरकारी सेवाओं तक पहुंच में कोई रुकावट नहीं आएगी.