
कर्नाटक कांग्रेस के विधायक केसी वीरेंद्र पप्पी बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन पर मनी लॉन्ड्रिंग और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ा बड़ा केस दर्ज किया है. ईडी ने शुक्रवार को देशभर में 31 जगहों पर छापेमारी की, जिनमें बेंगलुरु, चित्रदुर्ग, मुंबई, गोवा और गंगटोक शामिल हैं. इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान बरामद हुआ है. ईडी की छापेमारी में 12 करोड़ रुपये कैश मिला, जिसमें से 1 करोड़ विदेशी करेंसी भी है. इसके अलावा 6 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के गहने, 10 किलो चांदी और 4 लग्जरी कारें जब्त की गईं. जांच एजेंसी ने विधायक और उनके परिवार के 17 बैंक अकाउंट और 2 लॉकर भी फ्रीज कर दिए हैं.
ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का खुलासा
जांच में सामने आया कि विधायक केसी वीरेंद्र और उनके भाई King567 और Raja567 नाम की दो ऑनलाइन बेटिंग साइट्स चला रहे थे. इनके जरिए लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे थे. कमाई का पैसा सीधे भारत में इस्तेमाल न हो, इसके लिए दुबई की तीन कंपनियों — Diamond Softech, TRS Technologies और Prime9 Technologies के जरिए पैसा घुमाया जा रहा था. फिर इसे अलग-अलग बिजनेस और प्रॉपर्टीज में लगाकर वैध दिखाने की कोशिश की जाती थी.
इसे भी पढ़ें : क्या सच में वनडे से भी रिटायर हो रहे हैं Virat और Rohit? Rajeev Shukla ने खोला राज़
गोवा के बड़े कैसिनो पर भी छापा
ईडी ने अपनी जांच के दौरान गोवा के 5 बड़े कैसिनो पर भी रेड मारी. इनमें पप्पीज कैसिनो गोल्ड, ओसियन रिवर्स कैसिनो, पप्पीज कैसिनो प्राइड, ओसियन 7 कैसिनो और बिग डैडी कैसिनो शामिल हैं. इन कैसिनो के जरिए भी अवैध कमाई को वैध दिखाने का काम हो रहा था.
गंगटोक से हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के मुताबिक विधायक वीरेंद्र अपने साथियों के साथ गंगटोक गए थे. वहां वो जमीन लीज पर लेकर नया कैसिनो खोलने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान ईडी की टीम ने उन्हें 23 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें गंगटोक की अदालत में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर बेंगलुरु लाया जा रहा है. ईडी ने यह पूरी कार्रवाई धन शोधन रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की है. एजेंसी ने बताया कि छापेमारी में उन्हें कई अहम डॉक्यूमेंट्स और डिजिटल रिकॉर्ड मिले हैं. इनमें बड़े पैमाने पर पैसे की हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग का सबूत है. अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ऑनलाइन बेटिंग से कमाए गए पैसों को किन-किन व्यवसायों और संपत्तियों में लगाया गया है.
चित्रदुर्ग विधानसभा सीट से हैं विधायक
कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र पप्पी कर्नाटक की चित्रदुर्ग विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे. लेकिन अब ईडी की इस कार्रवाई के बाद उनकी मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं. छापेमारी और गिरफ्तारी ने साफ कर दिया है कि ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़ा यह नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था. लेकिन ईडी की इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग के जरिए कैसे हजारों-करोड़ों रुपये का काला धन सफेद किया जा रहा है.