
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने संसद में "ऑपरेशन सिंदूर" पर हो रही बहस से खुद को और शशि थरूर को बाहर रखने पर अपनी ही पार्टी यानी कांग्रेस पर नाराजगी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में फिल्म "पूरब और पश्चिम" के देशभक्ति गीत के बोल लिखते हुए तंज कसा – “भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं...”
"भारत की बात सुनाता हूं"
मनीष तिवारी ने एक न्यूज रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसमें बताया गया था कि उन्हें वक्ताओं की सूची से हटा दिया गया है. गौरतलब है कि मनीष तिवारी और शशि थरूर, उन सांसदों में शामिल थे जिन्होंने सरकार के साथ मिलकर विदेशों में भारत का पक्ष रखा था और पाकिस्तान के आतंकवाद को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बात की थी. मनीष तिवारी ने खुद संसद में बोलने के लिए पार्टी से अनुरोध भी किया था. लेकिन पार्टी ने उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी.
थरूर का मौन व्रत
वहीं, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पार्टी की आलोचनात्मक लाइन का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सफल था और अगर उन्हें बोलने दिया गया, तो वह सरकार की तारीफ करेंगे. जब मीडिया ने थरूर से इस मुद्दे पर सवाल किया, तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा – "मौनव्रत, मौनव्रत." इस पूरे घटनाक्रम से यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या कांग्रेस के अंदर मतभेद बढ़ रहे हैं और वरिष्ठ नेता पार्टी की नीतियों से खुश नहीं हैं?