पाकिस्तान की धरती से एक बार फिर भारत के खिलाफ नफरत और हिंसा की आवाज़ बुलंद की गई है। प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर आमिर जिया ने सार्वजनिक मंच से भारत और कश्मीर को लेकर भड़काऊ बयान दिया है। जिया ने न सिर्फ कश्मीर में आतंक फैलाने की बात कही, बल्कि पूरे भारत में तबाही मचाने की गीदड़भभकी भी दी है।
पीओके से भारत को खुली धमकी
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आयोजित लश्कर-ए-तैयबा के एक कार्यक्रम के दौरान आमिर जिया ने भारत के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और उकसाने वाला बयान दिया। उसने भारत की ओर इशारा करते हुए कहा कि उसका पड़ोसी देश अब पीओके पर कब्जे की बातें कर रहा है, लेकिन लश्कर इससे पीछे हटने वाला नहीं है। जिया ने कश्मीर को तथाकथित रूप से “आजाद” कराने की बात दोहराई।
‘पूरे भारत में तबाही मचाएंगे’ बयान से बढ़ी चिंता
आमिर जिया ने अपने भाषण में कहा कि उनकी लड़ाई सिर्फ कश्मीर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे भारत में फैलाई जाएगी। उसने खुले तौर पर हिंसा को बढ़ावा देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भारत को अस्थिर करना है। ऐसे बयानों को सुरक्षा एजेंसियां गंभीर उकसावे और आतंकी मंसूबों के संकेत के रूप में देख रही हैं।
गजवा-ए-हिंद का जिक्र, कई गुटों को एकजुट होने की अपील
अपने भड़काऊ भाषण के दौरान आमिर जिया ने तथाकथित ‘गजवा-ए-हिंद’ का भी जिक्र किया। उसने कहा कि भारत के खिलाफ सभी कट्टरपंथी गुटों को एक मंच पर आना चाहिए। यह बयान साफ तौर पर आतंकी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने और संगठित हिंसा को बढ़ावा देने की कोशिश माना जा रहा है।
बांग्लादेश कनेक्शन और मारे गए आतंकी का महिमामंडन
जिया ने अपने भाषण में बांग्लादेश का भी जिक्र किया और दावा किया कि वहां उनकी विचारधारा तेजी से फैल रही है। उसने हाल ही में मारे गए एक कट्टरपंथी व्यक्ति को “शहीद” बताते हुए उसका महिमामंडन किया। यह बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी नेटवर्क के विस्तार की मंशा की ओर इशारा करता है।
ऑपरेशन के बाद फिर सक्रिय हुए आतंकी नेटवर्क
भारत द्वारा बीते महीनों में की गई सख्त कार्रवाई के बाद आतंकी संगठनों को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन अब खुफिया एजेंसियों के अनुसार लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद दोबारा खुद को संगठित करने की कोशिश में जुटे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों संगठनों ने नए कैडर की भर्ती और ट्रेनिंग की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है, जिसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।