दनकौर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा कंटेनर अचानक सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर चालक सोनू शर्मा, जो हाथरस का निवासी था, केबिन में गंभीर रूप से फंस गया।
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के चाचा राजकुमार शर्मा ने दनकौर कोतवाली में ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया
परिजनों का कहना है कि सोनू मुरादनगर निवासी एक व्यक्ति का कंटेनर चला रहा था और कंपनी का सामान लेकर आगरा जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। इस हादसे में कंटेनर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक घटना के बाद से फरार है। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।