Bulandshahr News: कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक पर मंगलवार को देशी शराब से भरा एक आइशर कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर से गाजियाबाद की ओर जा रहा देशी शराब से लदा आइशर कंटेनर जाट चौक के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे कन्हैया (पुत्र गिरधारी), निवासी एसडीएम कोर्ट क्षेत्र, कंटेनर की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि कन्हैया की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कन्हैया रोज की तरह अपने घर से दुकान के लिए निकले थे। रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। कन्हैया की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
यातायात हुआ प्रभावित
वहीं, हादसे में कंटेनर चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कंटेनर के पलटने से सड़क पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कंटेनर को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।