मवाना : बहसूमा थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर शकिस्त में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. रोडवेज का संविदा बस चालक 36 वर्षीय विपुल पुत्र कृष्ण पाल सिंह ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों के अनुसार विपुल का अपनी पत्नी अंतिम से लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों के बीच कई बार मारपीट भी हुई थी और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में मुकदमे दर्ज कराए थे। विवाद के चलते करीब डेढ़ वर्ष से पति-पत्नी अलग रह रहे थे। पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ गांव से बाहर रह रही थी, जबकि विपुल अकेले अपने घर में रह रहा था.
परिजनों का कहना है कि पत्नी और बच्चों से अलग रहने के कारण विपुल मानसिक तनाव में था। सोमवार दोपहर उसने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी उसके चाचा सुखपाल सिंह को दी। चाचा और मृतक की मां महेंद्री देवी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने के बावजूद समाचार लिखे जाने तक पत्नी और दोनों बेटियां घर नहीं पहुंच सकी थीं। पुलिस ने उन्हें घटना की जानकारी दे दी है.
मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि पत्नी और बच्चों से अलग रहने के कारण विपुल लंबे समय से अवसाद और तनाव से गुजर रहा था। वहीं चाचा सुखपाल सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते विपुल पहले भी आत्मघाती कदम उठा चुका था। एक बार उसने खुद को आग लगा ली थी, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया था। लंबे इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर दोबारा नौकरी पर लौट आया था. थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है.