खुर्जा स्तिथ सिद्धेश्वर मंदिर रोड स्थित गांव किला मेवई के पास गुरुवार को बिजली की टूटी सर्विस केबल का फॉल्ट ठीक करने गए एक संविदाकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
अचानक केबल में करंट आ गया
जानकारी के अनुसार, खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव फतेहपुर बुजुर्ग निवासी 26 वर्षीय सनी बिजली विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत था। गुरुवार को उसे सिद्धेश्वर मंदिर रोड पर गांव किला मेवई के पास टूटी हुई सर्विस केबल का फॉल्ट ठीक करने के लिए भेजा गया था। मरम्मत कार्य के दौरान अचानक केबल में करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए सनी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवा संविदाकर्मी की असमय मौत से गांव फतेहपुर बुजुर्ग और उसके परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे के कारणों और मरम्मत कार्य के दौरान बरती गई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।