Bulandshahr News: बिजली विभाग में कार्यरत संविदा लाइनमैन की ड्यूटी के दौरान शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिकंदराबाद-जेवर मार्ग पर वैर फ्लाईओवर के पास शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
बिजली लाइन पर कार्य करते समय बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार ककोड़ क्षेत्र में तैनात संविदा लाइनमैन अमित शनिवार को बिजली लाइन पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह पोल से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सिकंदराबाद-जेवर मार्ग पर लगा दिया जाम
परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने वैर फ्लाईओवर के निकट शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और सिकंदराबाद-जेवर मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
आवश्यक कार्रवाई कराने का दिया आश्वासन
जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम सिकंदराबाद और ककोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर शासन स्तर पर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने, मामले की जांच कराने और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए तथा जाम समाप्त कर दिया गया।
परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल
मृतक अमित अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा अमित थे, इसलिए प्रशासन को मानवीय आधार पर शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की व्यवस्था करनी चाहिए।