Bulandshahr News: खुर्जा के निकटवर्ती गांव नेकपुर निवासी सनी पुत्र राकेश की मौत को लेकर विवाद गहरा गया है। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि उसे डायल-112 के माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। मामले की जांच जारी है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बेहद करीब से मारी गोली
मृतक के पिता राकेश के अनुसार सनी खुर्जा से सामान लेकर बाइक से अपने गांव नेकपुर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और बेहद करीब से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल सनी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों बेटों को मिली थी जान से मारने की धमकी
अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान राकेश ने नकुल, भीम, लोकेश, ओमदत्त और राकेश डीलर पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आरोपियों से परिवार की पुरानी रंजिश चली आ रही थी। करीब तीन माह पहले भी उन्हें और उनके दोनों बेटों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। पिता ने एक दरोगा पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
उधर, पुलिस का कहना है कि डायल-112 पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया गया। बाद में उसकी मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा
फिलहाल परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस शुरुआती सूचना सड़क हादसे की होने की बात कह रही है। ऐसे में सनी की मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।