उत्तर प्रदेश कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के टिकट को लेकर कथित वसूली का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ई-मेल में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के करीबियों पर टिकट और संगठन में पद दिलाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाया गया है। ई-मेल भेजने वाले ने पार्टी नेतृत्व से पूरे प्रकरण की जांच कराने और गौतम को प्रभारी पद से हटाने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सोनू गौतम का नाम लिया गया
'राव साहब' नाम की मेल आईडी से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत वरिष्ठ नेताओं को भेजे गए संदेश में विनय गौतम और सोनू गौतम का नाम लिया गया है। आरोप है कि दोनों खुद को राजेंद्र पाल का निजी सहायक और रिश्तेदार बताकर दावेदारों से रकम मांग रहे हैं। शुरुआत में यूपीआई के जरिये भुगतान और बाद में नकद वसूली किए जाने का दावा किया गया है।
ई-मेल में उतरौला विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे हसीब खान से 50 लाख रुपये अग्रिम लेने और टिकट मिलने पर दो करोड़ रुपये देने की कथित बातचीत का भी उल्लेख है। बीकेटी सीट के बदले गोमतीनगर स्थित मकान हस्तांतरित कराने का दावा भी किया गया है।
राजेंद्र पाल पहले ही जारी कर चुके हैं चेतावनी
गौरतलब है कि 20 अक्टूबर को राजेंद्र पाल गौतम ने वीडियो संदेश जारी कर कार्यकर्ताओं को टिकट के नाम पर ठगी करने वालों से सतर्क रहने को कहा था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि कांग्रेस में टिकट या पद के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाता। वायरल ई-मेल पर फिलहाल गौतम और पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।