NEET UG 2026 Result: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी किए गए नीट यूजी री-एग्जाम का रिजल्ट एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। महाराष्ट्र के बीड जिले से कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि उनकी आंसर-की के मुताबिक आने वाले नंबरों और फाइनल स्कोरकार्ड के नंबरों में जमीन-आसमान का अंतर है। बीड के रहने वाले छात्र सोहम गवते का दावा है कि आंसर सीट के मुताबित उसे 522 अंक मिलने चाहिए थे, लेकिन जब फाइनल रिजल्ट आया, तो उनके स्कोरकार्ड पर सिर्फ 95 अंक मिले हैं।
सोहम का परिवार सदमे में
अचानक आए इस अप्रत्याशित रिजल्ट से सोहम का परिवार सदमे में है। सोहम के पिता भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ें। वहीं सोहम की मां ने बताया कि सोहम को इस सदमे से बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया था। परिवार का कहना है कि सालभर दिन-रात मेहनत करने के बाद अगर रिजल्ट में ऐसी गड़बड़ियां होंगी, तो छात्रों को भविष्य बर्बाद हो सकता है।
अभिभावकों में भारी नाराजगी
इस गड़बड़ी को लेकर छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है। अभिभावकों की मांग की है कि NTA इस मामले की तुरंत जांच करें और पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर रिजल्ट में सुधार नहीं किया जाएगा, तो वे न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। फिलहाल इस पूरे मामले पर एनटीए की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण नहीं आया है। इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
यह भी पढ़ें: सीबीएसई 10वीं की सेकेंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, कुल 96.78 प्रतिशत बच्चे हुए पास
11.21 लाख छात्र हुए पास
आपको बता दें कि एनटीए ने गुरुवार को देर रात नीट यूजी री-एग्जाम के रिजल्ट जारी किए थे। जिसमें कुल 11.21 लाख कैंडिडेट्स पास हुए हैं, जिनमें से 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं है। एनटीए ने बताया कि पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल करके संयुक्त रूप से टॉप किया। जबकि कुल 19 उम्मीदवारों ने 700 या उससे अधिक अंक पाए हैं और 1492 उम्मीदवारों ने कम से कम 650 अंक हासिल किए हैं।
कब हुई थी परीक्षा
बता दें कि नीट यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई को किया गया था, लेकिन पेपर लीक मामला सामने आने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। इसके बाद दोबारा में भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में स्थित 5,440 केंद्रों पर 21 जून को नीट यूजी परीक्षा आयोजित की गई थी। जिसमें करीब 20 लाख छात्र शामिल हुए थे।