देश में एक बार फिर कोरोना ने अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है. खबरों की मानें तो मुंबई में एक बार फिर से कोराना वायरस ने चिंता बढ़ा दी है, ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 53 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं और दो मरीजों की मौत की खबर ने स्वास्थ्य विभाग को और सतर्क कर दिया है. हालांकि स्थिति अभी नियंत्रण में है और मुंबई महानगर पालिका बीएमसी ने नागरिकों से घबराने की बजाय सावधानी बरतने की अपील की है.
दो की कोरोना से मौत के बाद हड़कंप
मुंबई महानगर पालिका क्षेत्र में 53 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए. इनमें से दो मरीजों की मौत हो चुकी है जो केईएम अस्पताल में भर्ती थे. दोनों मरीज पहले से ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे. एक को मुंह का कैंसर था और दूसरे को नेफ्रोटिक सिंड्रोम. इसका मतलब यह नहीं कि हर कोरोना मरीज की हालत गंभीर है लेकिन सावधानी बहुत जरूरी है. आपको बता दें जनवरी से अप्रैल 2025 तक मुंबई में कोविड के मामले बहुत कम थी लेकिन मई से इनमें बढ़ोतरी देखी जा रही है. बीएएमसी का स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर रख रहा है और हालात को काबू करने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है. अब आपको बताते हैं कि कोरोना के वो कौन से लक्षण हैं जिन पर आपको बहुत ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है.
कोरोना वायरस के लक्षण
कोरोना के कुछ प्रमुख लक्षण भी हैं. जैसे बुखार या तेज ठंड लगना, सूखी खांसी या कफ वाली खांसी, गले में खराश या दर्द, थकान और शरीर में दर्द, स्वाद या गंध का नुकसान, सर्दी या नाक बहना. अगर आपको सांस लेने में तकलीफ हो रही है, तो यह गंभीर संकेत हो सकता है. ऐसे में तुरंत नजदीकी अस्पताल, क्लीनिक या अपने डॉक्टर से संपर्क करें. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि घबराने की बजाय सावधानी बरतें. सावधानी जैसे मास्क पहने खासकर भीड़भाड़ वाली जगहों पर बार-बार हाथ धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें. बीमार महसूस करें तो तुरंत टेस्ट करवाएं. इस बार की चुनौती पिछली बार की चुनौती से अलग है.