मेरठ में टैक्स बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह दिल्ली रोड स्थित डीएन पॉलिटेक्निक कॉलेज पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने प्रिंसिपल कार्यालय को सील कर दिया। करोड़ों रुपये के बकाये और बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान न होने पर यह कदम उठाया गया।
दीवार पर नोटिस चस्पा किया
परतापुर थाना क्षेत्र स्थित कॉलेज में नगर निगम की टीम ने अचानक पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने प्रशासनिक भवन की दीवार पर नोटिस चस्पा किया और सीधे प्रिंसिपल ऑफिस को सील कर दिया। इस कार्रवाई से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लंबे समय से करीब 1.79 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम और कर अधीक्षक अतुल यादव ने बताया कि कॉलेज पर लंबे समय से करीब 1.79 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया है। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष का लगभग 26 लाख रुपये भी जमा नहीं किया गया। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं होने पर मजबूरन सीलिंग की कार्रवाई की गई।
अंतिम निर्णय से पहले इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं
कार्रवाई के दौरान कंकरखेड़ा जोनल प्रभारी अतुल कुमार, राजस्व निरीक्षक योगेश कुमार चौहान और प्रवर्तन टीम के अन्य सदस्य मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है। वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल अर्चना गोयल ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि गृहकर का मामला न्यायालय में विचाराधीन है, ऐसे में अंतिम निर्णय से पहले इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।
शहर में टैक्स वसूली अभियान आगे भी जारी
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, शहर में टैक्स वसूली अभियान आगे भी जारी रहेगा। कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों की सूची तैयार कर ली गई है, जिन पर करोड़ों रुपये का बकाया है। आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जा सकती है, जिससे बकायेदारों में खौफ का माहौल है।