UP News: उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले एक मुलाकात ने चर्चाओं को तेज कर दिया है। पूर्व मंत्री और अपनी जनता पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद उनके कांग्रेस के साथ संभावित राजनीतिक समीकरण को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि अभी स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर से कांग्रेस में शामिल होने या गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
राहुल और प्रियंका के साथ तस्वीरें कीं साझा
स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दो तस्वीरें पोस्ट की हैं। एक तस्वीर में वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के अलावा राहुल और प्रियंका गांधी भी दिखाई दे रहे हैं। मुलाकात के बाद यूपी की राजनीति में इसके संभावित असर को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
2022 में बीजेपी छोड़कर सपा में आए थे मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। चुनाव के बाद उन्होंने सपा से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बना ली। अब उनकी कांग्रेस नेताओं से मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार विपक्षी दलों के साथ पुराने गठबंधन को आगे बढ़ाने की बात कर रहे हैं।
यह भी देखेंःCEC Gyanesh Kumar पर SC सख्त, निलंबन की मांग ठुकराई; चुनाव आयोग से मांगा जवाब
ऊंचाहार सीट को लेकर भी चर्चा
स्वामी प्रसाद मौर्य की कांग्रेस नेताओं से मुलाकात के बाद यह चर्चा भी है कि भविष्य में उनकी पार्टी विपक्षी गठबंधन के साथ जुड़ सकती है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि वह रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से खुद या अपने बेटे के लिए टिकट की मांग कर सकते हैं। हालांकि सीट बंटवारे या टिकट को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।
बेटी संघमित्रा मौर्य अभी बीजेपी में
स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य फिलहाल बीजेपी में हैं। वह 2019 के लोकसभा चुनाव में बदायूं से बीजेपी के टिकट पर सांसद चुनी गई थीं, लेकिन 2024 में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। स्वामी प्रसाद मौर्य की हालिया राजनीतिक गतिविधियों के बीच उनकी बेटी के अगले कदम को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है, लेकिन फिलहाल संघमित्रा मौर्य की ओर से पार्टी छोड़ने को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है।