दिल्ली-दून नेशनल हाईवे-58 पर रविवार तड़के तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। दादरी क्षेत्र में रोडवेज बस की टक्कर से पैदल जा रहे दपंती की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी निवासी खाद व्यापारी हरिओम अपनी पत्नी सरिता और पड़ोसन सरला पत्नी राजेंद्र के साथ नगली तीर्थ की यात्रा पर पैदल जा रहे थे।
रोडवेज बस ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी
इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिओम और उनकी पत्नी सरिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चालक रोडवेज बस समेत मौके से फरार है
दादरी चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह ने बताया कि हादसा करने वाला चालक रोडवेज बस समेत मौके से फरार है। बस की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, एनएच-58 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।