कचहरी परिसर स्थित अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कचहरी को पूरी तरह सील कर दिया और बम निरोधक दस्ते व डाग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने दोपहर दो बजे तक कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कचहरी परिसर के सभी गेट बंद कर दिए थे और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने नहीं दिया। अभियान के दौरान कुछ नहीं मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
बाहरी व्यक्ति को अंदर आने नहीं दिया
बुधवार को कचहरी परिसर में अन्य दिनों की तरह अदालतों में कामकाज चल रहा था। करीब ग्यारह पर अज्ञात कॉलर ने कचहरी परिसर में स्थित अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी। तत्काल पूरे मामले की जानकारी न्यायिक अधिकारियों और पुलिस को दी गई। पिछले दो माह में अदालतों को तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पुलिस ने कचहरी के सभी गेट बंद कर दिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने नहीं दिया।
अदालतों का काम भी प्रभावित हुआ
इस दौरान कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच रही और अदालतों का काम भी प्रभावित हुआ। चेकिंग अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वायड की टीम ने कचहरी में खड़े वाहनों को चेक किया और पुलिस ने संदेह के आधार पर कई लोगों की तलाशी ली। दो बजे तक चले चेकिंग अभियान के दौरान जब पुलिस को कचहरी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली तो पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस नंबर से धमकी मिली है कि उस नंबर को सर्विलांस पर लिया गया है। पहचान होते ही आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दे और कानून व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।