उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में एक अजीब और डराने वाला मामला सामने आया है. यहां कटका थाना क्षेत्र के लवइया गांव में एक पालतू गाय को कुत्ते ने काट लिया, जिसके बाद उसमें रेबीज के लक्षण दिखाई देने लगे. खास बात ये है कि उस गाय का दूध कई लोगों ने पिया था, जिसके बाद 16 गांववालों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवानी पड़ी है.
गाय में दिखे रेबीज के लक्षण
गांव के मनोज सिंह की यह गाय अचानक बीमार पड़ गई. मनोज ने बताया कि गाय को पानी से डर लगने लगा था, उसके मुंह से झाग और लार निकल रही थी और वह अपना सिर दीवारों से टकरा रही थी. जब ये सब देखा गया तो घरवालों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पशु चिकित्सक को बुलाया. जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि गाय को रेबीज का संक्रमण हो गया है. यह सुनकर पूरे परिवार और गांव में दहशत फैल गई. इसके बाद गाय की मौत हो गई और उसे एक गड्ढा खोदकर दफना दिया गया.
दूध पीने वाले लोगों में डर
जब यह बात पूरे गांव में फैली कि गाय को रेबीज था, तो जिन-जिन लोगों ने उसका दूध पिया था या किसी भी तरीके से उसके संपर्क में आए थे, उन्होंने एहतियातन एंटी-रेबीज का टीका लगवाना शुरू कर दिया. अब तक 16 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं. मनोज सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी गाय को एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था और शायद उसी से गाय को यह संक्रमण हुआ.
विशेषज्ञों की क्या है राय?
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जानवरों में एक बीमारी होती है जिसे 'सर्रा' कहा जाता है, जिसके लक्षण रेबीज से मिलते-जुलते होते हैं. लेकिन चूंकि गाय को कुत्ते ने काटा था, इसलिए रेबीज की आशंका अधिक है. उन्होंने यह भी बताया कि अगर रेबीज से संक्रमित गाय का दूध अच्छी तरह उबालकर पिया गया है तो इंसान को रेबीज होने का कोई खतरा नहीं होता. फिर भी एहतियातन वैक्सीन लगवाना सही फैसला है.