Crime News: यूपी के मुरादाबाद जिले में बादशाह उर्फ चीनू की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है। भगतपुर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के मुख्य आरोपी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसने पूछताछ में हत्या की योजना से लेकर लाश को ठिकाने लगाने तक की पूरी कहानी बयां कर दी। पुलिस के अनुसार हिमांशु और मृतक बादशाह के बीच बीस हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था, साथ ही पुरानी रंजिश और धमकियों ने मामले को और भड़का दिया। मृतक के दादा की तहरीर पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और हिमांशु को हिरासत में लेकर घटना की परतें खोलीं।
नशे में धुत कर की हत्या
पूछताछ में हिमांशु ने बताया कि 21 अक्टूबर की शाम वह और उसका साथी अंकुल बादशाह के घर पहुंचे और उसे बहाने से साथ ले गए। रास्ते में तीनों ने शराब पी, जिसके बाद दोनों आरोपी बादशाह को बुलेट पर बैठाकर भवानीपुर के खेतों में ले गए। वहां बादशाह को इतना नशे में कर दिया गया कि वह खुद को संभाल नहीं सका। दोनों ने योजना के अनुसार उसका मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी। यह रंजिश एक साल पुराने बाइक चोरी केस से भी जुड़ी थी, जब बादशाह ने जेल से निकलने के बाद हिमांशु के भाई गर्वित को लेकर धमकियां देना शुरू कर दी थीं।
पन्नी में पैक कर गड्ढे में दबाया शव
हत्या के बाद दोनों आरोपी काशीपुर लौट आए और अगले दिन फिर गन्ने के खेत में पहुंचे। इस बार वे साथ में एक बोरी नमक लेकर गए, जिसे बिल्लू लाला की दुकान से खरीदा गया था। मौके पर पहुंचकर उन्होंने बादशाह के शव को पॉलिथीन में पैक किया, शरीर पर नमक डाला ताकि पहचान मिट जाए और सड़न जल्दी हो जाए। इसके बाद गड्ढा खोदकर शव को दफनाया और ऊपर से गन्ने की पत्तियां फैला दीं, ताकि कोई निशान न बचे। पुलिस ने हिमांशु को जेल भेज दिया है, जबकि अंकुल की तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक यह हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी और घटना के बाद सबूत मिटाने के लिए गहन साजिश रची गई थी।