भोपाल के ऐशबाग इलाके का निवासी राजा सेन उर्फ रियो, जो केवल 10वीं पास है, खुद को 'CBI चीफ' बताकर लोगों से करोड़ों की ठगी कर चुका है. वह टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर साइबर गैंग के लिए काम करता था. यह गिरोह पहले किसी सदस्य से टारगेट को कॉल कराता और फिर राजा वीडियो कॉल पर आकर खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर धमकाता था. वह 'डिजिटल अरेस्ट' और कानूनी कार्रवाई की बात कहकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था.
रामचंद्र मिशन परिवार से ली एक करोड़ की ठगी
राजा सेन की गिरफ्तारी एक हाई-प्रोफाइल मामले के बाद हुई, जिसमें उसने रामचंद्र मिशन आश्रम के संस्थापक बाबूजी रामचंद्र महाराज के पौत्र शरदचंद से 6 मई को एक करोड़ रुपए की ठगी की थी. उसने फर्जी CBI कॉल के जरिए उन्हें डरा दिया और रकम एक फर्जी करंट अकाउंट में ट्रांसफर करवा ली. इस मामले की जांच के दौरान शाहजहांपुर पुलिस ने राजा को दबोच लिया और उसके मोबाइल और सोशल मीडिया खातों से कई चौंकाने वाले सुराग मिले.
यह भी पढ़ेंःStunt Viral Video: स्टंट बना हादसे की वजह, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार
गिरोह को देता था 20% कमीशन
पुलिस के मुताबिक, राजा साइबर ठग गिरोह में एक अहम किरदार निभाता था. हर ठगी पर उसे 20% का कमीशन मिलता था. अब तक इस गैंग के सात सदस्य गिरफ्तार हो चुके हैं और पूछताछ में राजा का नाम सामने आया. गिरोह फर्जी दस्तावेज, सिम कार्ड और अकाउंट्स के जरिये पूरे घटनाक्रम को अंजाम देता था. पुलिस अधीक्षक प्रवीण मलिक ने बताया कि अब गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.