Crime News : छतारी थाना क्षेत्र के गांव नारऊ में शनिवार रात घर के बरामदे में सो रहे 62 वर्षीय वृद्ध की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावर दीवार कूदकर घर में दाखिल हुआ और सोते समय वृद्ध पर चाकू से कई वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पुलिस रंजिशन ही हत्या की वजह बता रही है..हालांकि जांच से कुछ भी कहना संभव नहीं है.
रात एक बजे की घटना
गांव नारऊ निवासी आनंद (62) पुत्र तोताराम शनिवार रात खाना खाने के बाद घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब एक बजे एक आरोपी दीवार कूदकर घर में घुस आया। आरोपी ने बरामदे में सो रहे आनंद पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था।
आलाधिकारी पहुंचे मौके पर
ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, डिबाई सीओ मधूप कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या के कारणों और हमलावर की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।