दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम को मंगलवार को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब अमर कॉलोनी इलाके में मुठभेड़ के बाद 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को काबू कर लिया गया। आरोपी की पहचान मुस्तफाबाद निवासी रिजवान के रूप में हुई है।
आरोपी ने भागने का प्रयास किया
पुलिस के अनुसार, टीम को आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अमर कॉलोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिसके चलते मुठभेड़ की स्थिति बन गई। पुलिस की सतर्क कार्रवाई के बाद उसे पकड़ लिया गया।
कुल 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं
जांच में सामने आया है कि रिजवान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र का वांछित अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।