Aarbi ke Patte : बरसात या शाम की चाय के साथ कुछ गरमा-गरम और कुरकुरा खाने का मन हो, तो अरबी के पत्तों के पकोड़े एक बेहतरीन विकल्प हैं. स्वादिष्ट होने के साथ इन्हें घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। सही तरीके से बैटर तैयार करने और पकोड़ों को धीमी-मध्यम आंच पर तलने से इनका स्वाद और कुरकुरापन दोनों बढ़ जाते हैं.
जरूरी सामग्री
अरबी के ताजे पत्ते, बेसन, थोड़ा चावल का आटा, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, नमक और स्वादानुसार मसाले लें. बैटर के लिए पानी और तलने के लिए तेल की जरूरत होगी.
ऐसे तैयार करें बैटर
एक बड़े बर्तन में बेसन और चावल का आटा डालें। इसमें अजवाइन, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला न हो, वरना पत्तों पर मसाला अच्छी तरह नहीं टिकेगा.
पत्तों को लगाएं मसाला
अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से सुखा लें. एक पत्ते पर बैटर की पतली परत लगाएं और उसके ऊपर दूसरा पत्ता रखें। इसी तरह कुछ पत्तों की परत बनाकर उन्हें रोल कर लें। रोल को सावधानी से छोटे टुकड़ों में काटें.
अब करें फ्राई
कड़ाही में तेल गर्म करें और पत्तों के टुकड़ों को मध्यम आंच पर डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. बहुत तेज आंच रखने से बाहर का हिस्सा जल्दी भूरा हो सकता है, जबकि अंदर से पकोड़े ठीक से नहीं पकेंगे.
चाय के साथ करें सर्व
तैयार अरबी के पत्तों के पकोड़ों को प्लेट में निकालकर अतिरिक्त तेल सोखने दें. इन्हें हरी चटनी, इमली की चटनी या चाय के साथ गरमा-गरम परोसें. कुरकुरे स्वाद के लिए इन्हें तुरंत सर्व करना सबसे अच्छा रहेगा.