Vrat 2026 : व्रत के दिनों में अगर रोज-रोज साबूदाना खिचड़ी और आलू खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। गुजरात का मशहूर हांडवो व्रत के हिसाब से भी तैयार किया जा सकता है. इसे बनाने के लिए साबूदाना और समा के चावल का इस्तेमाल किया जाता है। यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी ज्यादा मुश्किल नहीं है.
साबूदाना और समा के चावल से तैयार करें बैटर
फराली हांडवो बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाना और समा के चावल को अच्छी तरह साफ करके कुछ देर भिगो दें। इसके बाद पानी निकालकर दोनों चीजों को मिक्सर में डालें और दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मिश्रण बिल्कुल बारीक न हो। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाकर इसका गाढ़ा बैटर तैयार करें.
ऐसे दें हांडवो को स्वाद
बैटर में व्रत में इस्तेमाल होने वाले मसाले, सेंधा नमक और स्वाद के अनुसार हरी मिर्च डाल सकते हैं। इसे कुछ देर रखने के बाद तड़का तैयार करें। एक पैन में घी या व्रत में इस्तेमाल होने वाला तेल गर्म करें और उसमें जीरा, तिल तथा करी पत्ते डालकर हल्का भून लें.
बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट
अब बैटर को पैन में डालकर हल्का फैलाएं और ढककर धीमी आंच पर पकने दें. जब नीचे की सतह सुनहरी और कुरकुरी हो जाए तो इसे सावधानी से पलटें। दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह पकने दें। तैयार हांडवो को टुकड़ों में काटकर हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं.
व्रत के दौरान यह फराली हांडवो स्वाद में कुछ अलग खाने की इच्छा को पूरा कर सकता है। इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है और साबूदाना खिचड़ी से हटकर एक नया विकल्प भी मिल जाता है.