Ronaldo 978th Goal : क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके खेल पर कोई असर नहीं डाल पा रही है। 41 साल की उम्र में भी उन्होंने सऊदी प्रो लीग में अपना 978वां करियर गोल दागकर फुटबॉल दुनिया को हैरान कर दिया। उनके इस गोल की बदौलत अल नासर ने अल तआवुन को 2-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
शुरुआत में पीछे रह गई थी टीम
मुकाबले के 11वें मिनट में मोहम्मद बासम अल हुरैजी ने गोल कर अल तआवुन को बढ़त दिला दी। अल नासर दबाव में दिख रही थी, लेकिन पहले हाफ के इंजरी टाइम में सामु कोस्टा ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया और टीम की वापसी कराई।
फिर आया रोनाल्डो का जादू
दूसरे हाफ के 50वें मिनट में जोआओ फेलिक्स और मोहम्मद सिमाकन ने शानदार मूव बनाया। सिमाकन का शॉट गोल की तरफ जा रहा था, तभी रोनाल्डो ने गेंद को हल्का सा फ्लिक कर नेट में पहुंचा दिया। यही गोल मैच का निर्णायक पल साबित हुआ और अल नासर को बढ़त मिल गई।
978वें गोल ने लूटी महफिल
रोनाल्डो का यह उनके शानदार करियर का 978वां गोल था। खास बात यह रही कि रिप्ले में दिखा कि सिमाकन का शॉट भी सीधे गोल में जा सकता था, लेकिन रोनाल्डो की हल्की सी टच ने गोल को उनके नाम कर दिया। इस पल ने स्टेडियम में मौजूद फैन्स को झूमने पर मजबूर कर दिया।
लगातार चौथी जीत
इस जीत के साथ अल नासर ने लीग में लगातार चौथा मुकाबला अपने नाम किया और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। टीम का आत्मविश्वास भी लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।
इसे भी पढ़ें : एशियन गेम्स से पहले Neeraj को क्या हुआ, क्यों टूट गया गोल्ड बचाने का सपना?
अभी भी जारी है गोल मशीन का सफर
पिछले मुकाबले में रोनाल्डो को बीच में आराम दिया गया था, लेकिन इस मैच में वह पूरे 90 मिनट मैदान पर डटे रहे। 41 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस, गोल करने की भूख और मैच पर प्रभाव डालने की क्षमता दिखाती है कि फुटबॉल का यह महान खिलाड़ी अभी रुकने वाला नहीं है।