
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में जोधपुर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी का पर्दाफाश हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा के आदेश पर चलाए जा रहे साइबर क्राइम विरोधी विशेष अभियान के तहत की गई।
9 आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के जरिए लोगों को फंसा कर ठगी कर रहे थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई में 31 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, 5 लैपटॉप, हिसाब-किताब की डायरी और अन्य अहम सामग्री जब्त की है। इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग डीसीपी विनीत बंसल ने खुद की।
20 से 25 लाख रुपये की ठगी कर रहे थे
जांच में सामने आया है कि आरोपी आशापूर्णा एन्क्लेव स्थित किराए के बंगले से यह गोरखधंधा चला रहे थे। वे रोजाना करीब 20 से 25 लाख रुपये की ठगी कर रहे थे और यह सिलसिला पिछले दो महीने से ज्यादा समय से जारी था। आरोपी पहले लोगों को ऑनलाइन गेमिंग में उलझाते थे। इसके बाद जीत की राशि का रिफंड या रिजेक्शन दिखाकर धोखाधड़ी करते थे। इस काम में वे फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक अकाउंट्स का उपयोग करते थे। जोधपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।