थाना सेक्टर-63 पुलिस और साइबर टीम ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। Sea Zone Recruitment and Training नाम से चल रहे इस रैकेट में दो सगे भाई भी शामिल थे। पुलिस ने चार अभियुक्तों को एच-90, सेक्टर-63, नोएडा से गिरफ्तार किया। आरोपी क्रूज शिप पर नौकरी, मेडिकल फिटनेस, वर्क ऑर्डर और वीजा दिलाने के झांसे में युवकों-युवतियों से लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।
2026 को मिली सूचना पर छापेमारी
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 मार्च 2026 को मिली सूचना पर छापेमारी की गई। गिरफ्तार आरोपी नितिन कुमार (23 वर्ष) और सचिन कुमार (31 वर्ष) सगे भाई हैं। दोनों का मूल निवास सोरांव, प्रयागराज (लकड़मंडी नहर, ददोली) है और दोनों ही इंदिरापुरम, गाजियाबाद के अभयखंड-1 में रहते थे।
ठगी का तरीका
अभियुक्त सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि) पर आकर्षक विज्ञापन चलाते थे। वे युवाओं को विदेशी क्रूज शिप पर अच्छी सैलरी वाली नौकरी का लालच देते थे। ठगी स्टेप-बाय-स्टेप होती थी:मेडिकल फिटनेस चेकअप के नाम पर 10,000 रुपये,ट्रेनिंग के बहाने 45,000 रुपये,वर्क ऑर्डर और वीजा दिलाने के नाम पर 25,000 रुपये, इस तरह एक पीड़ित से कुल 80,000 रुपये तक वसूले जाते थे। पैसे लेने के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर देते, ऑफिस शिफ्ट कर लेते और पीड़ित का संपर्क पूरी तरह काट देते थे। वे फर्जी ऑफर लेटर, मेडिकल सर्टिफिकेट और स्क्रिप्ट का इस्तेमाल करते थे। फर्म का कोई वैध GST नंबर नहीं था, इसलिए पैसे अपने और साथियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त (दो सगे भाई सहित)नितिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश 23 वर्ष व सचिन कुमार पुत्र ओमप्रकाश, उम्र 31 वर्ष, निवासी अभयखंड-1, गली नं. 01, इंदिरापुरम, गाजियाबाद।
अमन कुमार पुत्र रामकुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी अभयखंड-1, गली नं. 01, इंदिरापुरम, गाजियाबाद व वीरेंद्र कुमार पुत्र रामबहादुर, उम्र 20 वर्ष,निवासी अम्बेडकर विहार, गली नं. 03, सेक्टर-37, नोएडा शामिल हैं। इनके कब्जे से 4 लैपटॉप,
11 मोबाइल फोन,9 विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड,12,000 रुपये नकद, 9 ऑफिशियल ऑफर लेटर,
3 स्क्रिप्ट/पिच, 5 मेडिकल सर्टिफिकेट,
1 मेडिकल रेफरल लेटर
v 6 वर्क कैंडिडेट कॉलिंग लिस्ट बरामद हुए।
इस मामले में थाना सेक्टर-63, सेंट्रल नोएडा में मुकदमा संख्या-136/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 318(4), 338, 336(3), 340(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी लगाई गई है। एडीसीपी आर.के. गौतम ने कहा कि नोएडा पुलिस ऐसे फर्जी जॉब रैकेटों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। क्रूज जॉब या विदेशी नौकरी के नाम पर किसी भी प्रकार की अग्रिम राशि मांगने वालों से सतर्क रहें। पीड़ितों से अपील है कि वे थाना सेक्टर-63 या साइबर क्राइम यूनिट से तुरंत संपर्क करें। पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों और बाकी पीड़ितों की पहचान में जुटी हुई है।