आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टीम के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां का निधन हो गया है, जिससे पूरे फ्रेंचाइजी कैंप में शोक का माहौल है। चेन्नई सुपर किंग्स ने खुद इस खबर की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया के जरिए गहरा दुख जताया और खिलाड़ी के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
CSK ने जताया शोक और समर्थन
फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा कि इस मुश्किल समय में वह पूरी तरह से मुकेश चौधरी और उनके परिवार के साथ खड़ी है। टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ी भी इस खबर से भावुक नजर आए, क्योंकि टूर्नामेंट के बीच इस तरह की घटना टीम के मनोबल पर भी असर डालती है। ऐसे समय में खिलाड़ी का परिवार ही सबसे बड़ी प्राथमिकता बन जाता है।
मुंबई के खिलाफ मैच से बाहर
मुकेश चौधरी इस दुखद घटना के कारण 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। यह मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है, जिसके लिए चेन्नई की टीम पहले ही मुंबई पहुंच चुकी थी। लेकिन खबर मिलते ही मुकेश तुरंत टीम कैंप छोड़कर अपने होम टाउन भीलवाड़ा के लिए रवाना हो गए।
सीजन में मिला था पहला मौका
आईपीएल 2026 में मुकेश चौधरी को अभी तक ज्यादा मौके नहीं मिले थे। उन्होंने इस सीजन में सिर्फ एक ही मुकाबला खेला था, जो 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ था। उस मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे और ईशान किशन और ट्रेविस हेड जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया था।
इसे भी पढ़ें : IPL में 5-5 ट्रॉफी वाली दिग्गज टीमें अब फिसड्डी क्यों, मुंबई-चेन्नई की हालत ने चौंकाया सबको
टीम संयोजन पर पड़ेगा असर
मुकेश चौधरी को उस मुकाबले में खलील अहमद की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, जो चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। अब मुकेश के भी अनुपलब्ध रहने से टीम संयोजन पर असर पड़ सकता है और उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी को मौका मिल सकता है।
अहम मुकाबले से पहले नई चुनौती
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबला हमेशा से हाई वोल्टेज माना जाता है, लेकिन इस बार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए चुनौती और बढ़ गई है। एक तरफ टीम पहले ही फॉर्म से जूझ रही है, वहीं अब इस व्यक्तिगत दुख ने टीम को भावनात्मक रूप से भी प्रभावित किया है। ऐसे में देखना होगा कि टीम इस परिस्थिति से कैसे उबरती है और मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है।