आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की तस्वीर अब लगभग साफ होती जा रही है। चार टीमों में से तीन ने अपनी जगह लगभग तय कर ली है। आरसीबी सबसे पहले प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीम बनी थी। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर सनराइजर्स हैदराबाद ने खुद के साथ गुजरात टाइटंस की राह भी आसान कर दी। अब सिर्फ एक स्थान बाकी बचा है, जिसके लिए कई टीमों के बीच मुकाबला जारी है।
सीएसके के लिए आई मुश्किल
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे आसान रास्ता था कि टीम अपने दोनों बचे मैच जीत लेती। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार ने पूरा समीकरण बदल दिया। अब टीम के सामने मुश्किल चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि अच्छी बात यह है कि हार के बाद भी चेन्नई की उम्मीदें पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं।
कैसे खुलेगा प्लेऑफ का रास्ता?
सीएसके के लिए सबसे पहली शर्त यह है कि उसे गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। अगर टीम जीतती है तो उसके 14 अंक हो जाएंगे। लेकिन सिर्फ जीत काफी नहीं होगी। चेन्नई को अब दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
दूसरी टीमों से चाहिए मदद
चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदें तभी जिंदा रहेंगी जब पंजाब किंग्स अपना आखिरी मुकाबला हार जाए। अगर ऐसा हुआ तो पंजाब 13 अंकों पर रुक सकती है। वहीं राजस्थान रॉयल्स को भी अपने बचे मुकाबलों में कम से कम एक हार झेलनी होगी। इसके अलावा केकेआर को भी अपना आखिरी मैच गंवाना होगा। तभी सीएसके के लिए रास्ता खुल सकता है।
नेट रन रेट भी करेगा फैसला
चेन्नई के लिए सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़े अंतर से जीत भी जरूरी हो सकती है। सनराइजर्स से हार के बाद टीम का नेट रन रेट माइनस में पहुंच गया है। ऐसे में आखिरी मुकाबले में टीम को सिर्फ अंक ही नहीं बल्कि नेट रन रेट भी सुधारना होगा। यही आगे जाकर बड़ा अंतर पैदा कर सकता है।
इसे भी पढ़ें : करोड़ों की घड़ियां पहनते हैं क्रिकेट के सुपरस्टार, Hardik सबसे आगे, पढ़ें किसका लिस्ट में नाम ?
राजस्थान और पंजाब की भी नजर
पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की स्थिति भी दिलचस्प बनी हुई है। पंजाब को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपना आखिरी मैच जीतना होगा और राजस्थान की हार की उम्मीद करनी होगी। वहीं राजस्थान के लिए सबसे सीधा रास्ता है कि वह अपने बचे दोनों मुकाबले जीत ले। कुल मिलाकर आखिरी प्लेऑफ सीट के लिए रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच गया है।