CUET-UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-यूजी (CUET-UG) 2026 को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। 28 मई 2026 को आयोजित होने वाली CUET-UG परीक्षा की दोनों शिफ्ट्स को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा ईद-उल-जुहा (बकरीद) की छुट्टी की तारीख में बदलाव के बाद लिया गया है। NTA ने साफ किया है कि संशोधित शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
क्यों टाली गई परीक्षा
NTA के मुताबिक, भारत सरकार की अधिसूचना के अनुसार ईद-उल-ज़ुहा (बकरीद) की छुट्टी की तारीख में बदलाव के मद्देनजर, 28 मई 2026 को होने वाली CUET (UG) 2026 परीक्षा (दोनों शिफ्टों में) स्थगित कर दी गई है। प्रभावित उम्मीदवारों के लिए संशोधित परीक्षा तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।
दोनों शिफ्ट की परीक्षाएं प्रभावित
एजेंसी ने साफ किया है कि 28 मई को निर्धारित सुबह और दोपहर, दोनों ही शिफ्ट्स की परीक्षाएं अब इस तारीख को नहीं होंगी। इस दिन परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवारों पर यह फैसला लागू होगा। न्यूज एजेंसी ANI ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर कर इसकी पुष्टि की है।
CUET (UG) 2026 examination scheduled for 28 May 2026 (both shifts) stands postponed- in view of the change in the date of the Id-ul-Zuha (Bakrid) holiday as per the Government of India notification. Revised exam dates for affected candidates will be announced shortly: National… pic.twitter.com/MWFA1doGth
— ANI (@ANI) May 24, 2026
जल्द घोषित होगी नई तारीख
NTA ने कहा है कि प्रभावित उम्मीदवारों के लिए नई परीक्षा तिथि बहुत जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी ताजा अपडेट के लिए नियमित रूप से NTA की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें। इसके अलावा, छात्रों की सहायता के लिए एजेंसी ने हेल्पलाइन नंबर और ईमेल की सुविधा भी दी है।
क्या है CUET-UG परीक्षा?
CUET-UG (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) देशभर में आयोजित होने वाली एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है। इसके जरिए केंद्रीय, राज्य और निजी विश्वविद्यालयों समेत 280 से ज्यादा संस्थानों में स्नातक कोर्स में दाखिला मिलता है।