East Delhi News: पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए युवतियों और मॉडलिंग की दुनिया में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं को शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को फैशन, विज्ञापन और इवेंट मैनेजमेंट इंडस्ट्री का सफल कारोबारी बताकर पहले विश्वास जीतता था, फिर नामी मोबाइल कंपनी में मॉडलिंग असाइनमेंट दिलाने और शादी का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठ लेता था।
अलग-अलग बैंक खातों की चेकबुक बरामद की गई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कौशिक राज उर्फ अंकित सिंह उर्फ अनीकेत सिंह राजपूत (30) के रूप में हुई है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है और बी.टेक. ड्रॉपआउट है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता और अन्य पीड़ितों से करीब 33.51 लाख रुपये की ठगी की है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा तीन अलग-अलग बैंक खातों की चेकबुक बरामद की गई हैं।
एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के अनुसार 10 जुलाई 2026 को मंडावली थाने में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर खुद को फैशन और इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र का बड़ा कारोबारी बताया। उसने युवती को प्रेम संबंध में फंसाया और शादी का भरोसा दिलाया। इतना ही नहीं, वह युवती के परिवार से भी मिला और खुद को होने वाला दामाद बताते हुए फर्जी बायोडाटा दिया, जिसमें करोड़ों के कारोबार और भारी आय का दावा किया गया था।
लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा करता था
विश्वास बढ़ाने के लिए आरोपी महंगी गाड़ियों में घूमता, आलीशान होटलों और पब में ले जाता तथा लग्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा करता था। उसने नामी मोबाइल निर्माता कंपनी के नाम पर फर्जी एक्सक्लूसिव मॉडलिंग एग्रीमेंट तैयार कर कई युवतियों और मॉडल्स से सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर रुपये जमा कराए। इसके अलावा सगाई, शादी के आयोजन, होटल बुकिंग, यात्रा, बुटीक रजिस्ट्रेशन और अन्य खर्चों के नाम पर भी लाखों रुपये वसूले।
मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी द्वारा दिखाए गए मॉडलिंग एग्रीमेंट पूरी तरह फर्जी थे और जिन होटल बुकिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का दावा किया गया था, वे कभी की ही नहीं गई थीं। इतना ही नहीं, आरोपी ने शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड का भी कथित रूप से बिना अनुमति इस्तेमाल किया और ठगी का खुलासा होने के बाद भी रुपये मांगता रहा। मामले में मंडावली थाने में एफआईआर संख्या 201/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष टीम का किया गया गठन
जांच के लिए एसआई आशीष ग्रेवाल, अंकित, हेड कांस्टेबल दीपक और प्रदीप की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने एसएचओ इंस्पेक्टर अनिल मलिक के नेतृत्व तथा एसीपी मयूर विहार योगेश मल्होत्रा के समग्र पर्यवेक्षण में डिजिटल चैट, बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार तकनीकी निगरानी और वित्तीय जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी कई फर्जी पहचान का इस्तेमाल करता था
पूछताछ में पता चला कि आरोपी कई फर्जी पहचान का इस्तेमाल करता था। वह पहले भी दक्षिण जिला की साइबर थाना पुलिस द्वारा ऑनलाइन कॉन्सर्ट टिकट ठगी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है, जहां उसने कौशिक राज नाम का इस्तेमाल किया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र, नोएडा, गुरुग्राम और पश्चिम बंगाल के विभिन्न साइबर थानों में भी इसी तरह की ठगी से संबंधित कई शिकायतें लंबित हैं। महाराष्ट्र के मुलुंड थाने में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता के साथ हुई व्हाट्सएप चैट वाला मोबाइल फोन तथा तीन अलग-अलग बैंक खातों की चेकबुक बरामद की हैं। अब पुलिस फर्जी दस्तावेजों की जांच, ठगी की रकम के पूरे ट्रेल, अन्य डिजिटल साक्ष्यों और संभावित साथियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। साथ ही अन्य पीड़ितों की भी पहचान की जा रही है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जा रहा है।