साइबर अपराधियों ने एक बार फिर नई चाल का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बनाया है। नोएडा में गैस कंपनी IGL (इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड) का अधिकारी बनकर फोन करने वाले ठगों ने एक व्यक्ति को धोखा देकर उसकी मोबाइल में APK फाइल इंस्टॉल करवाई। इसके जरिए उन्होंने उसके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कुल 28.87 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
पीड़ित ने फाइल इंस्टॉल की
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ठगों ने खुद को IGL का अधिकारी बताते हुए गैस कनेक्शन से जुड़ी औपचारिकता पूरी करने का बहाना बनाया। इसके बाद उन्होंने एक APK फाइल भेजी और उसे इंस्टॉल करने के लिए कहा। जैसे ही पीड़ित ने फाइल इंस्टॉल की, उसके फोन का नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथ में चला गया।
13 बार में पैसे ट्रांसफर किए
ठगों ने खाते से 13 बार में पैसे ट्रांसफर किए और यहां तक कि पीड़ित का क्रेडिट कार्ड भी खाली कर दिया। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी है। लोगों को अनजान नंबर से आए कॉल और किसी भी प्रकार की फाइल या लिंक इंस्टॉल करने से बचना चाहिए।