बुलंदशहर, खुर्जा नगर पालिका में तैनात राजस्व निरीक्षक कपिल शेखर से निवेश के नाम पर करीब 18.99 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित कपिल शेखर ने अपनी शिकायत में बताया कि नोएडा सेक्टर-58 निवासी आकांक्षा नामक युवती ने उनसे संपर्क कर खुद को निवेश विशेषज्ञ बताया। युवती ने ऑनलाइन बिजनेस और शेयर मार्केट में निवेश कराने पर मोटे मुनाफे का झांसा दिया। विश्वास में लेकर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में उनसे बड़ी रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली. काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो कोई मुनाफा मिला और न ही जमा की गई रकम वापस हुई। तब जाकर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। जांच में सामने आया है कि पीड़ित से ऑनलाइन माध्यम से कुल 18.99 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए गए.
थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एएसपी क्राइम ने बताया कि जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी गहन पड़ताल की जा रही है और साइबर ठगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सूचना तुरंत साइबर क्राइम थाने को दें.