सोशल मीडिया पर मदद के नाम पर फैलाया जा रहा झांसा
जानकारी के अनुसार साइबर ठगों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति की तस्वीर लगाकर एक फर्जी संदेश और ऑडियो क्लिप प्रसारित की है। इसमें दावा किया जा रहा है कि जरूरतमंद लोगों को घर बनाने, कारोबार शुरू करने या अन्य जरूरतों के लिए एक से तीन लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। इसके लिए लोगों को दिए गए लिंक पर क्लिक करने या व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जा रहा है।
लिंक पर क्लिक करते ही बढ़ सकता है खतरा
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे लिंक पर क्लिक करने या फर्जी नंबर पर संपर्क करने से ठग बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसके बाद ओटीपी या अन्य प्रक्रिया के बहाने खाते से रकम निकाल ली जाती है। पुलिस का कहना है कि कई लोग बार-बार ओटीपी दर्ज कर देते हैं, जिससे एक के बाद एक ट्रांजेक्शन होने लगते हैं और खाते से बड़ी रकम निकल सकती है।
भोपाल में भी सामने आए ठगी के मामले
राजधानी भोपाल में भी हाल के दिनों में साइबर ठगी के कई मामले दर्ज किए गए हैं। एक मामले में फर्जी लिंक भेजकर लाखों रुपये की ठगी की गई, जबकि दूसरे मामले में बैंक प्रतिनिधि बनकर क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर खाते से रकम निकाल ली गई। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और जांच जारी है।
पुलिस की सलाह, इन बातों का रखें ध्यान
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही फोन, मैसेज या सोशल मीडिया के जरिए ओटीपी, पिन, सीवीवी या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा करें। यदि किसी नेता, सरकारी अधिकारी या संस्था के नाम से आर्थिक सहायता का संदेश मिले तो उसकी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि अवश्य करें। थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।