व्यापारी के कर्मचारी का मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने दो करोड रुपए एक फर्जी कम्पनी के खाते में ट्रांसफर करा लिए। मामले की जानकारी होने पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
कर्मचारी संजय के मोबाइल फोन को हैक किया
शहर के शांति मदन हास्पिटल के चिकित्सक डा. सहज गर्ग के चचेरे भाई नई मंडी की पटेलनगर कलोनी निवासी कुशाग्र अग्रवाल फ्यूचर मोबाइल एलएलपी नामक कंपनी में साझेदार हैं। कंपनी देशभर में प्रमुख मोबाइल निर्माता कंपनियों के मोबाइल, इलेक्ट्रिक गैजेट्स आपूर्ति करने के लिए मुख्य होलसेलर के रुप में काम करती है। व्यापारी कुशाग्र अग्रवाल ने साइबर क्राइम थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 20 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति ने उसके वाट्सएप प्रोफाइल को चोरी करने के साथ कुछ पुरानी चेटिंग लगाकर उनके कर्मचारी संजय के मोबाइल फोन को हैक कर लिया।
कंपनी के दूसरे कर्मचारियों के पास भी भेजा
हैक किए गए मोबाइल से उनके एकाउंटेन्ट संजय कुमार को वाट्सएप किया गया। वाट्सएप चेटिंग कर सुब्रामयण्म इपैक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के आइसीआइसीआइ शाखा बेगमपेठ, हैदाराबाद का खाता भेजकर दो करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद एकाउंटेन्ट ने व्यापारी को काल कर इसकी जानकारी दी। एकाउंटेन्ट ने कुशाग्र द्वारा भेजे गए संदेश के आधार पर रुपये ट्रांसफर किए थे। इससे पहले भी कंपनी के कर्मचारी सर्वेश कुमार के वाट्सएप से एक फाइल आयी थी, जो सर्वेश के मोबाईल से कंपनी के दूसरे कर्मचारियों के पास भी भेजा गया था। जिसे संजय कुमार के कम्पयूटर पर खोलकर देखा गया था।
लखनऊ समेत विभिन्न राज्यों में पैसे भेजे
यहीं से उनका मोबाइल नंबर भी साइबर ठगों ने चोरी किया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया कि आंध्र प्रदेश से साइबर ठगों ने पैसे ट्रांसफर कराए हैं। पहले आंध्र प्रदेश से पैसा निकाला गया, उसके बाद हैदराबाद, पश्चिम बंगाल व लखनऊ समेत विभिन्न राज्यों में पैसे भेजे गए है।