
साइबर जालसाजों ने खुद को चेन्नई का डीजीपी बताकर जानकीपुरम गार्डेन में रहने वाले रिटायर इंजीनियर अश्वनी कुमार गुप्ता को मनी लांड्रिंग के केस में जेल भेजने की धमकी दी। सर्विलांस के जरिए उन पर नजर रखने का हवाला देकर 17 दिन डिजिटल अरेस्ट कर 38 लाख रुपये ठग लिए। वृद्ध इतना अधिक डर गए कि उन्होंने अपने पेंशन लोन लेकर जालसाजों को रुपये आरटीजीएस कर डाले। पीड़ित वृद्ध ने साइबर थाने में मोबाइल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया है।
आधार कार्ड का प्रयोग मनी लांड्रिंग में हुआ
इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना ब्रजेश कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित अश्वनी कुमार गुप्ता करीब 70 वर्षीय हैं। वह जानकीपुरम गार्डेन में रहते हैं। बेटा गैर प्रांत में नौकरी करता है। अश्वनी कुमार के मुताबिक 30 सितंबर को उनके पास एक वीडियो फोन कॉल आई। उसने बताया कि वह मुंबई क्राइम ब्रांच से अधिकारी बोल रहे हैं। कहा कि आपके आधार कार्ड को लिंक कर दिया गया। उनकी बात कुछ समझ नहीं आई। दोबारा पूछने पर उस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना कहा कि आपसे हमारे अधिकारी बात करेंगे। अधिकारी ने फोन लिया तो उसने बताया कि आधार कार्ड का प्रयोग मनी लांड्रिंग में हुआ है।
ये भी पढ़ें: बहराइच के कौड़ियाला नदी में सवारियाें से भरी नाव पलटी, 8 लोग लापता, महिला का शव मिला
अपने बैंक खातों की डिटेल दें
आपसे चेन्नई के डीजीपी बात करेंगे। उसके बात तीसरे ने खुद को डीजीपी बताते हुए फोन पर बात की। बोला कि आपको जेल भेजना होगा। अगर जेल नहीं जाना चाहते हैं तो अपने बैंक खातों की डिटेल दें। हमारे सहयोगी खातों और आपके रुपयों की जांच करेंगे। जांच की बात किसी से अगर बताई तो गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सर्विलांस से हम लगातार आप पर नजर रखे हुए हैं।
24,70,000 रुपये ट्रांसफर करा लिए
जांच में आप सहयोग करेंगे तो पूरी होने पर सारा रुपया वापस कर दिया जाएगा। इसके बाद चौथे व्यक्ति ने फोन लिया। इसके बाद 14 अक्टूबर तक कई बार में 24,70,000 रुपये ट्रांसफर करा लिए। 16 अक्टूबर तक कुल 38 लाख रुपये तीन खातों में ट्रांसफर कराए। सारा रुपया आरटीजीएस किया गया। इसके बाद उनकी और डिमांड बढ़ती गई। घबराकर फोन काट दिया। फिर अपने परिचितों को बताया पता चला कि साइबर जालसाजों ने ठगी की है। इसके बाद बेटे और पुलिस को सूचना दी। साइबर थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जालसाजों के बैंक खातों को फ्रीज कराने की कोशिश की जा रही है। तीन टीमें लगी हैं।