मेरठ। तेज रफ्तार वैगनआर कार चालक ने ड्यूटी से लौट रहे साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की तलाश शुरु कर दी है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र नूरनगर से रेलवे फाटक की और से आ रही तेजगति से वैगनआर कार चालक ने गुर्जर चौक के पास ड्यूटी से लौट रहे साइकिल सवार संजय कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक उसे करीब 100 फीट तक घीसटता ले गया। आगे जाकर कार रोकी और बाहर की ओर देखने लगा। जैसे ही लोगों की भीड़ जमा हुई। मौका देखकर आरोपी ड्राइवर कार छोड़कर भाग गया। जिसकी सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान देर रात संजय की मौत हो गई। संजय की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे।
मृतक की पत्नी ने आरोपी की गिरफ्तारी होने तक शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने कार को कब्जें में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस कार के नंबर व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक पहचान करते हुए तलाश में जुट गई है।
ब्रहमपुरी थाना प्रभारी राजेश काम्बोज ने बताया पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे है। पुलिस इस मामले में कानून कार्रवाई कर रही है।