Cyclone Arnab Flight Cancellation : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के चलते हवाई सेवाओं पर असर पड़ने की खबर है। दी गई जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस समेत कई एयरलाइंस ने अलग-अलग मार्गों पर उड़ानें रद्द या निलंबित की हैं। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नागर विमानन मंत्रालय ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट संचालकों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने और री-बुकिंग व रिफंड से जुड़ी जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
तटीय इलाकों में उड़ानों पर असर
मंत्रालय के अनुसार, चक्रवात का असर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा में अधिक पड़ने की आशंका जताई गई है। भुवनेश्वर से आने-जाने वाली उड़ानों के अलावा मौसम की स्थिति के आधार पर हैदराबाद, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर के हवाई संचालन पर भी असर पड़ सकता है। मंत्रालय ने समीक्षा बैठक के बाद एयरलाइंस को खराब मौसम से जुड़े सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और यात्रियों को समय पर जानकारी देने को कहा है।
एयरपोर्ट बंद होने से सेवाएं प्रभावित
रिपोर्ट के मुताबिक, विशाखापत्तनम एयरपोर्ट पर 27 अक्टूबर की दोपहर से उड़ान संचालन रोक दिया गया था। विजयवाड़ा और राजमुंदरी एयरपोर्ट पर भी 27 अक्टूबर शाम 7 बजे के बाद उड़ानें रोकने की जानकारी दी गई। इसके अलावा दिल्ली-भोगापुरम-दिल्ली मार्ग की 28 अक्टूबर की उड़ानें रद्द किए जाने की बात कही गई है। मौसम की स्थिति और एयरपोर्ट संचालन में बदलाव के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना दोबारा जांचने की जरूरत है।
एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानें रद्द
दी गई जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया ने दिल्ली-विशाखापत्तनम-दिल्ली मार्ग पर 27 अक्टूबर और दिल्ली-विजयवाड़ा-दिल्ली मार्ग पर 28 अक्टूबर की कुल छह उड़ानें रद्द की हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी 13 उड़ानें रद्द की हैं। इनमें विशाखापत्तनम से हैदराबाद, बेंगलुरु और विजयवाड़ा के बीच चलने वाली कई सेवाएं शामिल बताई गई हैं। वाराणसी-बैंकॉक और बैंकॉक-विशाखापत्तनम मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। इंडिगो ने विशाखापत्तनम के लिए उड़ानें निलंबित करने की जानकारी दी है। विजयवाड़ा और राजमुंदरी में भी 27 अक्टूबर शाम के बाद संचालन रोका गया। अकासा एयर ने 28 अक्टूबर के लिए दिल्ली-भोगापुरम और वापसी की उड़ानें रद्द की हैं। वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक, एलायंस एयर ने उड़ान रद्द करने की घोषणा नहीं की थी।
ये भी पढ़ें : क्या पुरानी Petrol कार को भी बना सकते हैं Ethanol से चलने वाली? जानें सरकार के नियम और कितना मुश्किल है कन्वर्जन
री-बुकिंग और रिफंड के लिए क्या करें
नागर विमानन मंत्रालय ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, हेल्पलाइन या एसएमएस के जरिए उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है। यात्रियों को उड़ान की पुष्टि होने के बाद ही एयरपोर्ट के लिए रवाना होना चाहिए। यदि फ्लाइट रद्द हुई है या समय में बदलाव किया गया है, तो संबंधित एयरलाइन से री-बुकिंग, वैकल्पिक उड़ान और रिफंड के विकल्पों की जानकारी लेनी चाहिए। रिफंड और बदलाव की शर्तें टिकट के प्रकार तथा एयरलाइन की लागू नीति पर निर्भर कर सकती हैं।
शिकायत और सहायता के लिए ये उपाय अपनाएं
मंत्रालय ने एयरलाइंस और एयरपोर्ट संचालकों को वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग यात्रियों, छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों और चिकित्सा सहायता की जरूरत वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर मदद देने के निर्देश दिए हैं। यदि एयरलाइन से संपर्क करने के बाद भी शिकायत का समाधान नहीं होता है, तो यात्री एयरसेवा पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, डीजीसीए, बीसीएएस, मौसम विभाग, एयरलाइंस और संबंधित राज्यों की आपदा प्रबंधन एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।