SCHOOL BUS FIRING: डबरा में शुक्रवार सुबह स्कूल बस पर हुई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। टेकनपुर के ग्लोरी स्कूल की बस में करीब 50 बच्चे सवार थे, तभी बड़ी अकबई गांव के पास कार सवार लोगों ने बस को रोककर चालक के साथ मारपीट की और कट्टे से चार राउंड फायर कर दिए। फायरिंग में चालक खेम सिंह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया है।
रास्ते में खड़ी थी कार
जानकारी के मुताबिक ग्लोरी स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास सड़क पर एक स्विफ्ट कार खड़ी थी। बस चालक खेम सिंह ने कार को रास्ते से हटाने के लिए कहा। कार सवार लोगों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कही।
ड्राइवर से मारपीट, फिर फायरिंग
चालक ने कार को धक्का देकर किनारे करने का सुझाव दिया। इसी बात को लेकर कार सवार लोग भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने खेम सिंह को बस से नीचे खींचकर मारपीट की। इसके बाद कट्टा निकालकर चार राउंड फायर कर दिए। इस दौरान बस के अंदर करीब 50 बच्चे मौजूद थे।
बच्चों में मची चीख-पुकार
फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे लगने से चालक घायल होकर गिर पड़ा। बस के अंदर मौजूद बच्चे गोलियों की आवाज और घायल चालक को देखकर घबरा गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल खेम सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। SDOP सौरभ कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी जिस स्विफ्ट कार से आए थे, उस पर ‘गुर्जर’ लिखा हुआ था।
CCTV से सुराग जुटा रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके। स्कूल बस में बच्चों की मौजूदगी के दौरान हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।